– 25 हजार का इनामिया बबलू ठाकुर फरार
– लापरवाही पर कोतवाल लाइन हाजिर, फरार आरोपी के सियासी कनेक्शन चर्चा में
– फरार आरोपी भाजपा नेता बब्लू ठाकुर।
खागा, फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र में मंगेतर के साथ निजी समय बिताने गई युवती के साथ अश्लील हरकत, दुष्कर्म के प्रयास और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती का अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी गई और मंगेतर से ऑनलाइन रुपये भी ट्रांसफर कराए गए। पीड़िता ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि तीसरा आरोपी बबलू ठाकुर फरार है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली भी सवालों में आ गई है। पीड़िता की शिकायत पर समय से कार्रवाई न करने के आरोप में खागा कोतवाली प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं फरार आरोपी बबलू ठाकुर के सत्ताधारी दल से जुड़े होने की चर्चाओं ने मामले को और तूल दे दिया है। पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह 24 अप्रैल की सुबह अपने मंगेतर के साथ बाइक से बुआ के घर जाने के लिए निकली थी। रास्ते में नौबस्ता चौराहे के पास नहर पुलिया किनारे दोनों कुछ देर रुके। इसी दौरान ललित नामक युवक वहां पहुंच गया और दोनों को देख मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। कुछ ही देर में उसने अपने दो साथियों बबलू ठाकुर और युवराज को भी बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने युवती और उसके मंगेतर को धमकाकर बाग की ओर ले गए, जहां युवती के साथ अश्लील हरकत की गई। विरोध करने पर मारपीट की गई और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मंगेतर से ऑनलाइन 2500 रुपये ट्रांसफर कराए गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया। युवती ने 25 अप्रैल को थाना खागा में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन स्थानीय स्तर पर तत्काल मुकदमा दर्ज न होने से मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंच गया। पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की जांच कराई तो प्रथम दृष्टया थाना स्तर पर गंभीर लापरवाही सामने आई। इसके बाद संबंधित प्रभारी निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों युवराज और ललित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। मामले का तीसरा और मुख्य वांछित आरोपी बबलू ठाकुर पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। सर्विलांस, एसओजी और स्थानीय पुलिस समेत कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सियासी तस्वीरों से गरमाया मामला: फरार आरोपी बबलू ठाकुर की सोशल मीडिया पर कई जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ तस्वीरें वायरल हो रही हैं। बताया जा रहा है कि वह भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पद से जुड़ा रहा है। ऐसे में विपक्षी दल भी इस मामले को लेकर हमलावर हो गए हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि आरोपी की राजनीतिक पकड़ के कारण शुरुआती स्तर पर कार्रवाई सुस्त रही। हालांकि पुलिस अधिकारी इस पर खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
फरार आरोपी की जल्द होगी गिरफ्तारी: एसपी: पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आया कि युवती अपने मंगेतर के साथ बाग में थी, तभी आरोपियों ने वीडियो बनाने का प्रयास किया और जबरदस्ती की। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी बबलू ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। थाना प्रभारी की लापरवाही पर उन्हें लाइन हाजिर किया गया है।
News Wani
