इटावा, 03 अगस्त। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जनपद के राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक छात्र 15 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल ने बताया कि आगरा रोड, सदर, सराय दयानत, नगला खादर, मोढ़ी भरथना एवं गंगापुरा बसरेहर स्थित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे छात्र, जो जनपद इटावा में किसी महाविद्यालय या विश्वविद्यालय में नियमित रूप से अध्ययनरत हैं तथा समाज कल्याण विभाग अथवा कल्याण सेक्टर की छात्रवृत्ति योजनाओं के पात्र हैं, वे आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश में दिव्यांग कोटे के छात्र, उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थी तथा जिनका स्थायी निवास शिक्षण संस्थान से अधिक दूरी पर है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
शासन के प्रावधानों के अनुसार छात्रावासों की 70 प्रतिशत सीटें अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्रों तथा 30 प्रतिशत सीटें पिछड़ा एवं सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए आरक्षित हैं।
इच्छुक छात्र 15 अगस्त 2026 तक समाज कल्याण विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए छात्र किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, सदर (सरैया चुंगी), इटावा कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

News Wani