इटावा, 03 अगस्त। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिला महिला चिकित्सालय, इटावा में कन्या जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 9 नवजात बेटियों का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ उन्हें बेबी किट, जन्म प्रमाण पत्र और माताओं को सम्मानस्वरूप ड्राईफ्रूट भेंट किए गए।
कार्यक्रम में सुश्री प्रीति दुबे, जिला मंत्री इटावा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। नवजात बेटियों की माताओं चांदनी, राखी, ललिता, पूजा, सरस्वती, संतोषी, संगीता, देवेंद्री और वर्षा को सम्मानित करते हुए उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर माताओं एवं परिजनों को सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा योजना तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विभागीय पंपलेट वितरित कर बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार ने कहा कि बेटी का जन्म परिवार के लिए सौभाग्य का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से बेटियों को कभी बोझ न समझने, उन्हें समान अधिकार, सम्मान और अवसर देने तथा शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विभिन्न किश्तों एवं उससे मिलने वाले आर्थिक लाभ की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला) डॉ. अनिल कुमार, सूर्य नारायण पाण्डेय (डीएमएम, एनआरएलएम) तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय के अक्षय वर्मा, अजित कुमार दुबे, अर्चना भदौरिया, संजीव कुमार, अभिषेक वर्मा, योगेंद्र कुमार सहित जिला महिला चिकित्सालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

News Wani