इटावा। महेवा क्षेत्र की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं यूट्यूबर के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने और विधिक कार्रवाई की मांग की।
आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम), ऑल इंडिया उलेमा व मशाईख बोर्ड यूनिट इटावा तथा इंसानी भाईचारा समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया कि महेवा निवासी रिचा तिवारी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए एक वीडियो में मुस्लिम समुदाय के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई है।
ज्ञापन के दौरान कानपुर मंडल प्रभारी अभिषेक आज़ाद ने कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पूर्व भीम आर्मी कानपुर मंडल प्रभारी एवं इंसानी भाईचारा समिति के अध्यक्ष मोहम्मद आमीन भाई ने कहा कि भारत की गंगा-जमुनी तहज़ीब और सामाजिक सौहार्द को कमजोर करने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
कानपुर मंडल प्रभारी लकी जाटव ने कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है, लेकिन इसका उपयोग किसी धर्म या समुदाय के प्रति घृणा फैलाने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि संबंधित वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हुआ, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका पैदा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय कानून के प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाए।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस मामले में एफआईआर दर्ज होने अथवा किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई थी। मामले की जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
ज्ञापन देने वालों में हाजी शेख शकील अहमद, अभिषेक आज़ाद, लकी जाटव, मोहम्मद आमीन भाई, मोहम्मद अज़ीम मोअज़म, मुराद अली, आशिफ वारिसी, सुधीर आज़ाद, गौतम सिंह, मोहित कुमार, संजय खान, शिवम पत्रकार, अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

News Wani