इटावा। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता के नेतृत्व में “कलश वंदन अभियान” (2 अगस्त से 25 अगस्त 2026) के तहत लखना मंडल में भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
बकेवर स्थित गोपाल मंदिर से प्रारंभ हुई यह यात्रा शिव मंदिर शब्दलपुर, हनुमान मंदिर नहर पुल, राधाकृष्ण मंदिर फूलबाग, चंद्रपुरा होते हुए शिव मंदिर बहादुरपुर घाट पर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग में संत रविदास के अनुयायियों एवं ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। शक्ति केंद्र आसई स्थित श्यामला मंदिर पर कलश पूजन एवं संकीर्तन का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समानता, कर्म की श्रेष्ठता और आंतरिक शुद्धता का प्रतीक है। उन्होंने समाज को जन्म नहीं, बल्कि कर्म के आधार पर व्यक्ति का मूल्यांकन करने का संदेश दिया।
पूर्व विधायक डॉ. सिद्धार्थ शंकर दोहरे ने कहा कि संत रविदास ने श्रम की गरिमा, ईमानदार आजीविका और कर्तव्यनिष्ठ जीवन का संदेश दिया, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनाना चाहिए।
पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया ने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
अभियान जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष अनूप जाटव ने कहा कि संत रविदास ने मानवता, सामाजिक समरसता और समानता को सर्वोच्च स्थान दिया तथा कर्म को ही व्यक्ति की वास्तविक पहचान बताया।
अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष उदयवीर दोहरे ने कहा कि संत रविदास का संपूर्ण जीवन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” के संदेश का जीवंत उदाहरण है और उन्होंने समाज को समरसता व शुद्ध अंत:करण का मार्ग दिखाया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सेवा, समानता और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कलश वंदन अभियान से जुड़कर संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक के.के. राज, जिला महामंत्री सतेंद्र राजपूत, हरनाथ कुशवाह, कमलेश कठेरिया, यशवर्धन चौधरी, बासु चौधरी, अशोक चौबे, रजत चौधरी, रोहित शाक्य, अंकित सैनी, अश्वनी त्रिपाठी, शिवांग त्रिपाठी, रविंद्र दोहरे, रामदास दोहरे, अनिल दोहरे, शैलेन्द्र दोहरे, रामदत्त दोहरे, खुशीलाल दोहरे, भूरे राजावत सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा संत रविदास के स्थानीय अनुयायी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

News Wani