न्यूज़ वाणी
फतेहपुर। CBSE बोर्ड परीक्षा परिणाम में फातिमा पब्लिक स्कूल, हथगाम के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। साइंस संकाय में अफरा जाफरी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जबकि कॉमर्स संकाय में फलक नाज़ ने प्रथम स्थान हासिल कर सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया। इन होनहार छात्राओं की उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी, उत्साह और गर्व का माहौल है। शिक्षकों, अभिभावकों और सहपाठियों ने इस सफलता को छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया। फातिमा पब्लिक स्कूल, हथगाम के संस्थापक एवं प्रबंधक रिजवान हकीम कासमी ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि “हमारे बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। अफरा जाफरी और फलक नाज़ की यह सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और खुशी का विषय है। हमारी बेटियों ने अपने अभिभावकों, विद्यालय और पूरे फतेहपुर जिले का नाम रोशन किया है। हमें विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी आगे भी सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।”
वहीं ब्रिलियंट ओरिएंटल स्कूल के प्रबंधक वासिफ हुसैन ने भी छात्राओं की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि “अफरा जाफरी और फलक नाज़ की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा जगत के लिए प्रेरणा है। इन प्रतिभाशाली बेटियों ने साबित कर दिया है कि आत्मविश्वास, समर्पण और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मैं सभी सफल विद्यार्थियों को दिल से मुबारकबाद देता हूं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”
विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
News Wani
