चौडगरा, फतेहपुर। मलवां विकासखंड के पहरवापुर गांव में रविवार को सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन श्रद्धा और उल्लास के बीच विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कलश यात्रा के दौरान राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया।
संत सच्चा बाबा के कृपापात्र शिष्य आचार्य राघव जी महाराज के नेतृत्व में निकाली गई कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर गांव की गलियों में भ्रमण किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ यात्रा में भाग लिया। इस दौरान महिलाओं, पुरुषों और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कलश यात्रा के समापन के बाद विधि-विधान से श्रीमद्भागवत पुराण की स्थापना की गई और कथा का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य यजमान मिथिलेश देवी, कथा आयोजक राहुल सिंह तोमर, खुशबू सिंह और अथर्व सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
आचार्य राघव जी महाराज ने बताया कि सात दिनों तक प्रतिदिन दोपहर से शाम तक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं के प्रसंगों का वर्णन कर श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया जाएगा। सात दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन भंडारे के साथ होगा।

News Wani