फतेहपुर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को शहर के देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। पहले दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। घरों में भी शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना के साथ पूजा-अर्चना की गई।
शहर के दुर्गा मंदिर, तांबेश्वर मंदिर और कालिकन मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में पूजा-अर्चना हुई। इस बार शहर में करीब एक हजार स्थानों पर देवी पंडाल सजाए गए हैं। शहर के शादीपुर, पटेल नगर, कलेक्ट्रेटगंज, वर्मा तिराहा, देवीगंज, राधानगर और हरिहरगंज सहित कई इलाकों में दुर्गा पंडाल बनाए गए हैं।
सुबह और शाम की आरती के दौरान भक्तों की भारी भीड़ जुटी। शहर सहित पूरे जिले में देवी भक्ति गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है। नवरात्र के पहले दिन देवी पंडालों में महाआरती का आयोजन किया गया। शहर के दुर्गा मंदिर में सुबह और शाम की आरती के दौरान श्रद्धालुओं की खासा भीड़ रही।
शक्ति की आराधना के पर्व नवरात्र के पहले दिन शुभ मुहूर्त में घरों और पंडालों में घट (कलश) स्थापना की गई। वहीं, पंडालों से लेकर घरों तक स्थापित की जाने वाली प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के साथ हवन-पूजन कर श्रद्धालुओं ने व्रत की शुरुआत की। पहले दिन भक्तों ने मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और आरोग्यता का आशीर्वाद मांगा।
भोर से ही मंदिरों में पहुंचने लगे भक्त
शहर के दुर्गानगर स्थित सिद्धपीठ दुर्गा मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने मंदिर में पूजा-अर्चना और परिक्रमा की। सूरज की तपिश बढ़ने के साथ ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगने लगी। मंदिर परिसर के बाहर प्रसाद और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी काफी भीड़ रही।
मां के चरणों में माथा टेककर मांगा आशीर्वाद
शहर के मसवानी स्थित कालिकन मंदिर में श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई और उनके चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद मांगा। यहां सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटी रही। हवन और आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में नारियल चढ़ाकर सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।
मंदिर के पुजारी के अनुसार, सुबह और शाम दोनों समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वहीं, सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
News Wani
