फतेहपुर। उचित दर विक्रेताओं के लिए सोमवार का दिन राहत भरी खबर लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के राशन विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब उचित दर विक्रेताओं को 90 रुपये के स्थान पर 125 रुपये प्रति क्विंटल लाभांश मिलेगा।
सोमवार को लखनऊ के लोकभवन सभागार से आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में देखा और सुना गया।
मुख्यमंत्री ने लाभांश बढ़ाने के साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉश आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। सरकार के इस निर्णय को उचित दर विक्रेताओं के लिए आर्थिक राहत देने और व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए फैसले का स्वागत किया। विधानसभा सदर के विकासखंड तेलियानी में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, पूर्व विधायक विक्रम सिंह और जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की मौजूदगी में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।
विधानसभा अयाह शाह के विकासखंड बहुआ में विधायक विकास गुप्ता, जहानाबाद के विकासखंड खजुहा में विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, बिंदकी के विकासखंड मलवां में विधायक जय कुमार सिंह जैकी और मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की मौजूदगी में कार्यक्रम का प्रसारण हुआ।
वहीं विधानसभा खागा के विकासखंड विजयीपुर में ब्लॉक प्रमुख हसवा विकास पासवान तथा विधानसभा हुसैनगंज के विकासखंड हथगाम में पूर्व विधायक रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम देखा और सुना गया।
लाभांश बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद सभी विधानसभा क्षेत्रों में मौजूद उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि लाभांश में बढ़ोतरी से राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े विक्रेताओं को आर्थिक रूप से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संबंधित उप जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित पूर्ति विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
