Breaking News

बिहार बंद हिंसा: AK-47 से फायरिंग करने वाला सिपाही सस्पेंड, विभागीय जांच शुरू

-सिवान में बिहार बंद के दौरान हुई हवाई फायरिंग के वायरल वीडियो पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एसपी के निर्देश पर सिपाही निलंबित; जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे होगा फैसला।

सिवान (बिहार)। बिहार बंद के दौरान 25 जुलाई को सिवान में हुई हिंसा और AK-47 से हवाई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर फायरिंग करने वाले सिपाही अभिषेक कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, बिहार बंद के दौरान सिवान के जेपी चौक पर प्रदर्शन हिंसक हो गया था। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पथराव, तोड़फोड़ और पुलिस पर हमला किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले आंसू गैस के गोले छोड़े गए, लेकिन स्थिति नहीं संभलने पर पुलिस ने हवाई फायरिंग की।

वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी द्वारा AK-47 से फायरिंग करते हुए दिखाई देने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। पुलिस मुख्यालय ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट तलब की थी। प्रारंभिक जांच के बाद संबंधित सिपाही के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

पुलिस का क्या कहना है?

एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर सिपाही को निलंबित किया गया है। विभागीय जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

प्राथमिकी में क्या दर्ज है?

नगर थाना में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, जेपी चौक पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पहुंचे और नारेबाजी के साथ तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि जवानों पर पथराव हुआ और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस छोड़ी गई, लेकिन हालात बिगड़ने पर प्रतिनियुक्त सिपाही अभिषेक कुमार ने नियंत्रित तरीके से हवा में चार राउंड फायरिंग की, जिसके बाद भीड़ पीछे हटने लगी।

वहीं, मुफस्सिल थाना में दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि अस्पताल मोड़ की ओर से आए उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग की। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए एएसआई निलेश कुमार सिंह ने भी अपने सरकारी पिस्टल से दो राउंड हवाई फायरिंग की।

पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

बिहार में मॉब लिंचिंग का आरोप, पिटाई के बाद दो युवकों ने तोड़ा दम

राजगीर: बिहार के नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र में चोरी के शक में लोगों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *