Breaking News

किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू का बड़ा ऐलान, 12 सितंबर को एसपी कार्यालय घेरने की तैयारी

फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की मासिक बैठक में किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही ब्लॉक घेराव की तिथियां भी घोषित कर दी गईं।

बैठक का आयोजन नहर कॉलोनी परिसर में किया गया। इसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह ने की। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जिले में बंद पड़ी सहकारी समितियों को तत्काल प्रभाव से चालू कराया जाए। सभी समितियों में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जल जीवन मिशन के तहत अर्धनिर्मित पानी की टंकियों का निर्माण पूरा कराया जाए और जो टंकियां बन चुकी हैं, उनमें पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से कराई जाए।

किसानों ने मांग की कि नहरों में पर्याप्त पानी छोड़ा जाए और जनपद में अघोषित विद्युत कटौती पर रोक लगाई जाए। किसानों पर दर्ज आंदोलन से संबंधित सभी मुकदमे वापस लिए जाएं। खागा तहसील क्षेत्र में पशुओं की चिकित्सा के लिए 1962 टोल फ्री गाड़ी की व्यवस्था है, लेकिन ऐरायां और विजयीपुर ब्लॉक में यह सुविधा लागू नहीं की गई है। इसे तत्काल लागू कराया जाए। इसके अलावा खतौनी में अंश निर्धारण और नाम सुधार का कार्य भी सफलतापूर्वक कराया जाए।

बैठक में समस्याओं के समाधान को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई। निर्णय लिया गया कि 30 अगस्त को मलवां ब्लॉक और 5 सितंबर को असोथर ब्लॉक का घेराव किया जाएगा। इसके अलावा 12 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

वहीं, 30 अगस्त को मुचुवापुर में पंचायत तथा 15 सितंबर को मांझे का पुरवा, उमरिहा बाजार में पंचायत आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में अशोक उत्तम, रामसहाय पटेल, देवनारायण पटेल, नवल पटेल, दिनेश शुक्ला, नागेंद्र सिंह यादव, प्रमोद साहू, भानु पटेल, मोहित चंदेल और दीपक मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

शादी का झांसा देकर नाबालिग से किया दुष्कर्म: पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

फतेहपुर। हुसैनगंज पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोप से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *