नांगल/बिजनौर – ग्राम हरचंदपुर में रास्ते पर खड़ी कार को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि वह खूनी संघर्ष में बदल गया। धारदार हथियारों से हुए हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित जोगेंद्र पुत्र रमेश निवासी हरचंदपुर द्वारा थाना नांगल में दी गई तहरीर के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे उनकी बीमार भतीजी अपने पिता चंद्रपाल कश्यप के घर आई हुई थी और कार में लेटी थी। इसी दौरान गांव का रवि पुत्र रतन सिंह वहां पहुंचा और कार खड़ी होने को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने मुकेश के साथ मारपीट शुरू कर दी और अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि रवि, रतन, अंकित, कलवा, संदीप, वीरेंद्र, शैंकी, सीताराम, छोटू और दीपक ने मिलकर दांती व पलकटी जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में अशोक, सुरेंद्र और गौतम के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचीं शोभा, संतोष और आंचल भी घायल हो गईं। घायलों को पहले नजीबाबाद अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए कुछ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष अन्नू कुमारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर 10 नामजद आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।

News Wani