Breaking News

फतेहपुर में खेत की कोठरी में मिला बुजुर्ग का शव, शरीर पर चोटों के निशान से हत्या की आशंका

फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र में बेखौफ हमलावरों ने खेत की रखवाली कर रहे एक बुजुर्ग की हत्या कर सनसनी फैला दी। गड़ेरिया मजरे सातोपीत गांव निवासी करीब 65 वर्षीय सीताराम का शव घर से लगभग 150 मीटर दूर स्थित उनके खेत में बनी कोठरी में मिला। उनके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक समेत संबंधित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। बुजुर्ग की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं होने से मामला रहस्य बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, सीताराम रात में खेत में बनी कोठरी में सोते थे। वहीं उनका शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने किसी पर संदेह नहीं जताया।

ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बुजुर्ग की हत्या किसने और किस वजह से की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

सवालों के घेरे में बुजुर्ग की हत्या

गांव से कुछ दूरी पर खेत के किनारे बनी कोठरी में सो रहे बुजुर्ग की मौत ने ग्रामीणों को झकझोर दिया है। उनके शरीर पर मिले चोटों के निशान वारदात को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक हत्या की वजह और हमलावरों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल ग्रामीणों और परिजनों की निगाहें पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में दर्दनाक हादसा: कच्ची दीवार के मलबे में दबकर बुजुर्ग महिला की मौत, नातिन घायल

मलवां, फतेहपुर। थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव में रविवार दोपहर कच्ची दीवार अचानक गिरने से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *