Breaking News

मोटे महादेव मंदिर मार्ग पर फैले अतिक्रमण को हटाने की मांग नशेड़ियों का जमावड़ा व टायर-केबल जलाने का आरोप

फतेहपुर। पवित्र सावन माह में कृष्ण बिहारी नगर स्थित प्रसिद्ध मोटे महादेव मंदिर जाने वाले मार्ग पर अव्यवस्था, अतिक्रमण और प्रदूषण को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया है। मुराइन टोला के नागरिकों ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मंदिर मार्ग से अवैध दुकानों और गुमटियों को हटाने, नशेड़ियों एवं असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने तथा कबाड़, टायर और बिजली के तार जलाकर प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सावन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं और युवतियां, मोटे महादेव मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचती हैं। लेकिन मंदिर के मुख्य मार्ग पर कुछ चाय की गुमटियों के आसपास दिनभर नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे श्रद्धालुओं को असुरक्षा और असुविधा का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बीते सोमवार को मंदिर जा रहे एक श्रद्धालु के सामने कुछ लोगों ने अंडे खाकर उसके छिलके सड़क पर फेंक दिए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जब पुरुष श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ जाती है।

नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर मार्ग पर बड़े पैमाने पर कबाड़, पुराने टायर और बिजली के तार जलाए जाते हैं। इससे निकलने वाला काला जहरीला धुआं पूरे क्षेत्र को प्रदूषित कर रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मंदिर मार्ग से अवैध अतिक्रमण हटाया जाए, असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा प्रदूषण फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर सुशील कुमार सोनी, जय कुमार शुक्ला और देवराज पाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में पांच दिन से लापता अधेड़ की नदी में मिली लाश, इटरा गांव में पसरा मातम

फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता चल रहे 52 वर्षीय अधेड़ का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *