फतेहपुर। थाना समाधान दिवस पर शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना गाजीपुर पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को जनशिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम-एसपी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को समय से राहत दिलाई जाए।
थाना समाधान दिवस में कुल 54 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 42 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं, जबकि 12 शिकायतें पुलिस विभाग से जुड़ी थीं। प्राप्त शिकायतों में राजस्व टीम द्वारा चार प्रार्थना पत्रों तथा पुलिस से संबंधित दो प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस से संबंधित मामलों में आपसी समन्वय बनाकर मौके पर जाकर जांच की जाए तथा शिकायतकर्ता की समस्या का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उधर, जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों ने भी अपने-अपने थानों पर थाना समाधान दिवस आयोजित कर लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण की कार्रवाई की।
News Wani
