Breaking News

उड़ान के बीच चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलकर लगाई छलांग, मचा हड़कंप

चेन्नई: शारजाह से चेन्नई आ रही एयर अरेबिया की फ्लाइट में उस वक्त अफरा‑तफरी मच गई, जब लैंडिंग के बाद टैक्सी ट्रैक पर चल रहे विमान से एक पुरुष यात्री ने अचानक इमरजेंसी एग्जिट डोर खोल दिया और नीचे कूद गया. यह घटना चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय हुई, जब विमान मुख्य रनवे से निकलकर टैक्सीवे पर धीरे‑धीरे से आगे बढ़ रहा था.

एयरपोर्ट अधिकारियों ने क्या बताया

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विमान ने सुरक्षित रूप से लैंडिंग कर ली थी और मुख्य रनवे छोड़ने के बाद टैक्सीवे पर आगे बढ़ रहा था. इसी दौरान यात्री ने अचानक इमरजेंसी एग्जिट डोर खोल दिया और बाहर निकल गया. इस घटना से विमान में मौजूद यात्रियों के बीच डर और घबराहट का माहौल बन गया, जबकि सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट किया गया.

चलते प्लेन से कूदा शख्स

चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यात्री के कूदने के समय विमान पूरी तरह रुका नहीं था, बल्कि धीमी गति में था. अधिकारी के मुताबिक, इस घटना में न तो किसी यात्री को नुकसान पहुंचा और न ही विमान को कोई क्षति हुई. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह घटना मुख्य रनवे पर नहीं बल्कि टैक्सीवे पर हुई थी.

यात्री को दो बार हुई थी उल्टी

शुरुआती जानकारी के अनुसार, संबंधित यात्री यात्रा के दौरान अस्वस्थ महसूस कर रहा था. एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि यात्री को उल्टी जैसा एहसास हो रहा था और उसने फ्लाइट के अंदर दो बार उल्टी भी की थी. आशंका जताई जा रही है कि उसकी तबीयत खराब होने की स्थिति का इस घटना से संबंध हो सकता है.

हिरासत में लिया गया यात्री

घटना के बाद पायलट ने तुरंत ग्राउंड सिक्योरिटी को सूचना दी. इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान मौके पर पहुंचे और यात्री को हिरासत में लिया. बाद में उसे आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया. फिलहाल मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि यात्री ने ऐसा कदम क्यों उठाया.

करीब एक घंटे तक बंद रहा रनवे

इस घटना के चलते एयरपोर्ट संचालन पर भी कुछ समय के लिए असर पड़ा. अधिकारियों के मुताबिक, एहतियातन चेन्नई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे सुबह 3 बजकर 23 मिनट से 4 बजकर 23 मिनट तक बंद रखा गया. इस दौरान उड़ानों को वैकल्पिक रनवे से संचालित किया गया. स्थिति सामान्य होने के बाद मुख्य रनवे को दोबारा खोल दिया गया.

प्लेन से कूदने वाला यात्री कौन

हालांकि यात्री की पहचान को लेकर आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन अपुष्ट रिपोर्टों में उसके तमिलनाडु के पुडुक्कोट्टई जिले का निवासी होने की बात कही जा रही है. अधिकारियों ने साफ किया है कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई और विमान भी पूरी तरह सुरक्षित है. चेन्नई एयरपोर्ट पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन इस मामले पर उनकी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी.

About NW-Editor

Check Also

सुप्रीम कोर्ट का TMC को झटका: चुनाव आयोग पर सवाल खारिज, कर्मचारियों पर जताया भरोसा

चुनाव आयोग के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने हस्तक्षेप करने से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *