केरल में राजनीतिक भूचाल आया है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम बुधवार सुबह-सुबह केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के ठिकानों पर धावा बोला. तिरुवनंतपुरम से लेकर कन्नूर तक हुई इस अचानक छापेमारी से राज्य में हड़कंप मच गया. हालात उस वक्त बेकाबू हो गए जब कन्नूर में छापेमारी का विरोध करते हुए विजयन के समर्थकों ने ईडी अधिकारियों को घेर लिया. भीड़ इतनी उग्र थी कि जांच अधिकारियों की गाड़ियों पर जमकर पथराव कर दिया. ईडी की इस बड़ी कार्रवाई के केंद्र में पूर्व सीएम पिनाराई विजयन की बेटी टी. वीणा हैं. यह पूरा विवाद टी. वीणा की पूर्व आईटी कंपनी ‘एक्सालॉजिक’ (Exalogic) और एक निजी खनन कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) से जुड़ा है. आरोप है कि 2017 से 2021 के बीच, वीणा की कंपनी को बिना कोई वास्तविक आईटी सर्विस दिए ही, सीएमआरएल की तरफ से हर महीने भारी-भरकम ‘रिटेनर फीस’ का भुगतान किया गया. ईडी इसी कथित ‘पॉलिटिकल पे-ऑफ’ और मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है.
सीपीआई-एम केरल ने विजयन की तस्वीर के साथ एक्स पर पोस्ट कर लिखा- “अन्याय के खिलाफ, मुट्ठियां ऊंची उठीं.”अरविंद केजरीवाल का भाजपा-कांग्रेस गठजोड़ पर हमला
ईडी के रेड पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बयान जारी करते हुए नाराजगी जताई. उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों की दुरुपयोग को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर भी हमला बोला. उन्होंने एक्स पर पोस्ट लिखते हुए कहा, ‘केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के खिलाफ ईडी की रेड, भाजपा द्वारा सेंट्रल एजेंसियों का एक और खुला गलत इस्तेमाल है, ताकि वे क्षेत्रीय विपक्षी पार्टियों को टारगेट कर सकें और डेमोक्रेसी को कमजोर कर सकें.’ उन्होंने अपने पोस्ट पर आगे भाजपा-कांग्रेस के गठजोड़ पर सवाल खड़ा करते हुए कहा, ‘कांग्रेस के ‘निष्क्रियता’ की शिकायत करने के बाद ईडी की तुरंत रेड, भाजपा-कांग्रेस के रिश्ते पर सवाल उठाती है.’
ईडी ने पूरे केरल में एक साथ 12 स्थानों पर छापेमारी की. इन ठिकानों में पूर्व पर्यटन मंत्री और टी. वीणा के पति पी.ए. मोहम्मद रियास का कोझिकोड स्थित आवास और खनन कंपनी के प्रमोटरों के घर भी शामिल थे. किसी भी प्रकार के विरोध की आशंका को देखते हुए ईडी की टीम केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों के साथ पहुंची थी. तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित विजयन के किराए के घर को जवानों ने पूरी तरह से सील कर दिया था. छापेमारी के दौरान विजयन और उनका परिवार घर पर ही मौजूद था.
हाईकोर्ट की हरी झंडी के चंद घंटों बाद एक्शन: ईडी का यह ताबड़तोड़ एक्शन अचानक नहीं हुआ है. मंगलवार को ही केरल हाईकोर्ट ने राष्ट्रीय धन शोधन रोधी एजेंसी (ईडी) को इस मामले में जांच आगे बढ़ाने की अनुमति दी थी. अदालत ने सीएमआरएल की उस याचिका को भी खारिज कर दिया था, जिसमें ईडी जांच को रोकने की मांग की गई थी. इसके अलावा, कोर्ट ने कंपनी के अधिकारियों को ईडी के सामने पेश होने का निर्देश दिया था. कोर्ट से हरी झंडी मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर ईडी ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी.
कार्रवाई लोकतंत्र के खिलाफ- विपक्ष
क्षेत्रीय विपक्षी दलों ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र के खिलाफ बताया है. विपक्ष की ओर से आरोप लगाया गया है कि यह क्षेत्रीय दलों को निशाना बनाने के लिए बीजेपी द्वारा केंद्रीय एजेंसियों का किया जा रहा ‘खुला दुरुपयोग’ है. सबसे बड़ा सवाल इस बात पर उठाया जा रहा है कि कांग्रेस द्वारा मामले में ‘कार्रवाई न होने’ की शिकायत करने के तुरंत बाद ही ईडी ने रेड क्यों मारी?
News Wani
