फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के अंधीपुर सराय खालिस गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर घर में हुई चोरी की शेष वस्तुओं की बरामदगी कराए जाने की मांग की है। पीड़ित ने थाना पुलिस पर चोरी का माल बरामद करने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार के लोग किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान पूर्व से अपरिचित बताए जा रहे अजय सिंह पुत्र राम सिंह ने मौका पाकर घर का ताला खोलकर उसमें रखे कीमती आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया।
परिवार के वापस लौटने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद 5 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पीड़ित ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी के कुछ आभूषण भी बरामद किए।
आरोप है कि पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया गया था कि चोरी की अन्य वस्तुएं आरोपी के किसी रिश्तेदार के पास हैं और वहां से भी उनकी बरामदगी की जा सकती है। इसके बावजूद घटना को एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी चोरी की शेष वस्तुओं की बरामदगी नहीं हो सकी है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से घर से चोरी हुई सभी शेष वस्तुओं को जल्द से जल्द बरामद कराए जाने की मांग की है।
News Wani
