Breaking News

फेसबुक पर पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह को धमकी, हत्या के बदले इनाम की पोस्ट से मचा हड़कंप

फतेहपुर। हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र की सियासत में सक्रिय भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। फेसबुक पर की गई एक पोस्ट में कथित तौर पर पूर्व मंत्री की हत्या करने वाले व्यक्ति को दस बीघा जमीन, फॉर्च्यूनर कार और पचास लाख रुपये का इनाम देने की बात कही गई है। पोस्ट सामने आने के बाद भाजपा खेमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीर बताते हुए भाजपा के हथगाम मंडल प्रभारी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

जिले की राजनीति में रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह का लंबे समय से प्रभाव माना जाता है। प्रदेश स्तर पर राजनीतिक पकड़ के चलते वह पिछली सरकार में राज्यमंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। फिलहाल वह विधानसभा का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं, लेकिन क्षेत्र की राजनीति में उनकी सक्रियता लगातार बनी हुई है।

हथगाम नगर पंचायत के तेहीपारा वार्ड नंबर-9 निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेशी लाल साहू ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह को जान से मारने की धमकी से संबंधित पोस्ट फेसबुक पर सामने आई है। मंडल अध्यक्ष के मुताबिक यह पोस्ट धर्मवीर सिंह नाम की फेसबुक आईडी से सोशल मीडिया पर की गई है।

शिकायतकर्ता ने पोस्ट को गंभीर बताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक पोस्ट में पूर्व मंत्री को खुलेआम जान से मारने की धमकी देने के साथ ही उनके खिलाफ अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गई हैं।

भाजपा नेता का कहना है कि इस तरह की पोस्ट के जरिए पूर्व मंत्री की सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में पूर्व मंत्री की जान को खतरा बताते हुए उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस से सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

सोशल मीडिया पर धमकी का मामला सामने आने के बाद अब पुलिस की जांच पर नजर है। पोस्ट किसने और किस उद्देश्य से की, इसके पीछे किसी साजिश या अन्य कारण का हाथ है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

About NW-Editor

Check Also

अधूरी सड़क बनी राहगीरों के लिए मुसीबत, बारिश में बढ़ी आवाजाही की दिक्कत

फतेहपुर। कस्बे के हाईवे किनारे बनाई जा रही सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *