– सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद, श्रद्धालुओं ने किया स्नान
– भंडारे में भाग लेते श्रद्धालु।
खागा, फतेहपुर। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र स्थित नौबस्ता गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही आसपास के गांवों तथा विभिन्न जनपदों से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य के लिए घाट पहुंचते रहे। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं देश की खुशहाली की कामना की। पूरे घाट क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। गंगा तट स्थित खाकी बाबा की कुटी पर पिछले एक माह से चल रहे मास मेले का भी सोमवती अमावस्या के दिन समापन हुआ। आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कुटी परिसर में दिन भर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह स्वयं लगातार घाट क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। पुलिस बल के जवानों को घाट के विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया था, जिससे स्नानार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पार्किंग, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई थी। प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने खाकी बाबा कुटी में चल रहे भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए पुण्य लाभ अर्जित किया। इस मौके पर राजू त्रिवेदी, आदित्य प्रताप सिंह, अनुज प्रताप सिंह, अविनाश द्विवेदी मौजूद रहे।

News Wani