Breaking News

लखनऊ में राम मंदिर की तर्ज पर बना भव्य दुर्गा पंडाल, 110 फीट ऊंची संरचना में विराजेंगी मां दुर्गा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम स्थित दुर्गा पार्क में दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए भव्य पंडाल तैयार किया गया है। राम मंदिर की तर्ज पर बनाए गए इस पंडाल की ऊंचाई 110 फीट है। इसकी भव्यता श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पंडाल में 18 फीट ऊंची इको-फ्रेंडली मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है।

पंडाल को तैयार करने के लिए पश्चिम बंगाल से 54 कारीगर बुलाए गए थे। इन कारीगरों ने करीब तीन महीने तक दिन-रात मेहनत करके इस विशाल संरचना को तैयार किया है। पंडाल की लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई 110-110 फीट रखी गई है। इसका निर्माण लगभग दो लाख वर्ग फीट में फैले दुर्गा पार्क परिसर में किया गया है।

20 हजार बांस और 7 हजार मीटर कपड़े से हुआ निर्माण

पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए करीब 20 हजार बांस का इस्तेमाल किया गया है। इनकी लंबाई 5 से 24 फीट तक है। इसके अलावा निर्माण में लगभग 7 हजार मीटर कपड़ा, थर्माकोल और 300 लीटर पेंट का उपयोग किया गया है। मां दुर्गा की प्रतिमा को पर्यावरण के अनुकूल बनाया गया है।

पूजा के साथ मनोरंजन की भी रहेगी व्यवस्था

उत्सव पूजा समिति के संयोजक सौरभ बंधु उपाध्याय के अनुसार, इस आयोजन की शुरुआत वर्ष 1995 में हुई थी। पहले पूजा पंडाल इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास सजाया जाता था, लेकिन अब इसे जानकीपुरम के सेक्टर-ई स्थित दुर्गा पार्क में आयोजित किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं और परिवारों के लिए परिसर में किड्स जोन, फूड स्टॉल और विभिन्न प्रकार के झूलों की व्यवस्था भी की गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

14 से 25 अक्टूबर तक चलेगा दुर्गा पूजा महोत्सव

आयोजकों के मुताबिक, दुर्गा पूजा महोत्सव की शुरुआत 14 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे होगी और इसका समापन 25 अक्टूबर को किया जाएगा। लगभग 12 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं के लिए कई आकर्षण रहेंगे।

आयोजन की एक खास विशेषता यह है कि मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के बाद पीछे स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमा सामने आएगी और इसके बाद मां लक्ष्मी का पूजन किया जाएगा। भव्य पंडाल और धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च को लेकर कांग्रेस और प्रशासन आमने-सामने, खड़गे के स्वागत में जुटे पार्टी नेता

न्यूज़ डेस्क, लखनऊ। संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *