Breaking News

बारिश में नाला बना ग्रामीणों की राह का रोड़ा, जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

महोबा। कबरई ब्लॉक क्षेत्र के मकरबई-बीला दक्षिण संपर्क मार्ग पर पुलिया का निर्माण न होने से बारिश के मौसम में ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं। मार्ग के बीच बने नाले में बारिश का पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, किसानों, मरीजों, गर्भवती महिलाओं और व्यापारियों को उठानी पड़ रही है।

बारिश के बाद नाले में पानी भरने से स्कूली बच्चों को जोखिम उठाकर पानी पार कर विद्यालय जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया नहीं होने के कारण हर बरसात में संपर्क मार्ग जलमग्न हो जाता है, जिससे गांवों का संपर्क प्रभावित होने के साथ बच्चों की पढ़ाई भी बाधित होती है।

नाले में पानी भरने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और किसानों को खेतों तक जाने में भी परेशानी होती है। वहीं व्यापारियों को भी आवागमन प्रभावित होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक मंडी परिषद की ओर से सड़क का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन नाले पर पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया।

ग्रामीण लंबे समय से यहां पुलिया बनवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मौके का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द पुलिया निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान बच्चों और आम लोगों को जान जोखिम में डालकर नाला पार न करना पड़े।

About NW-Editor

Check Also

गोरखा गांव में मच्छरों का बढ़ा प्रकोप, ग्राम पंचायत ने कराई फॉगिंग; ग्रामीणों को मिली राहत

  *महोबा* चरखारी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोरखा में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *