महोबा । पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने बुधवार को गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस पहल के तहत जनपद के सभी पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए और शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों से सीधे संवाद स्थापित किया तथा प्रत्येक मामले के त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी शशांक सिंह ने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र न्याय और राहत मिल सके। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेह एवं जनहितकारी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कर विश्वास को और मजबूत बनाना है। महोबा पुलिस लगातार आधुनिक तकनीक का उपयोग कर जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुगम बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
महोबा पुलिस का संदेश: “समस्याओं का समाधान, पारदर्शिता के साथ।”

News Wani