- सीओ सिटी ने ताजियादारों के साथ जुलूस मार्गों का किया निरीक्षण, अफवाहों से बचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
*महोबा*। मोहर्रम त्योहार के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देश पर जिला पुलिस क्षेत्रों में अभियान चलाते हुए पैदल गस्त कर लोगो को सुरक्षा का संदेश देते हुए त्योहार को शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाने की लोगों से अपील कर रही है। अभियान के तहत पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर रविकांत गौंड ने जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर सम्बन्धित को दिए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गस्त करते हुए जुलूस मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्ययवस्था का जायजा लिया। इस दौरान थाना कोतवाली नगर अंतर्गत मोहर्रम से संबंधित विभिन्न जुलूसों जैसे नेजे, आलम जुलूस, अलाव स्थान के अलावा ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों का संबंधित ताजियेदार कमेटी के लोगों के साथ निरीक्षण किया। भ्रमण दौरान प्रमुख स्थानों पर स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना और सुझावों की जानकारी भी प्राप्त की। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर ने प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर को प्राप्त समस्याओं के त्वरित समाधान व आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया, जिससे पर्व पर किसी प्रकार की असुविधा न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे। इसके अतिरिक्त थाना कोतवाली अंतर्गत समस्त चैकी हल्का प्रभारियों और बीट आरक्षियों को मोहर्रम से संबंधित सभी दिवसों के जुलूस कार्यक्रमों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक ब्रीफिंग दी गई। उन्हें संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, सतत भ्रमणशील रहने व आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें यदि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
News Wani
