फतेहपुर। ग्रामीण विकास को नई गति देने और गांवों में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप टिकाऊ विकास कार्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकासखंड तेलियानी के सभागार में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत पंचायत सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख तेलियानी, हसवा एवं खजुहा, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा, परियोजना निदेशक तथा उपायुक्त श्रम रोजगार अश्वनी कुमार सोनकर ने दीप प्रज्वलित कर किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कहा कि गांवों के विकास की प्राथमिकताएं स्थानीय जरूरतों और परिस्थितियों के आधार पर तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझकर विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा ने कहा कि ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
उपायुक्त श्रम रोजगार अश्वनी कुमार सोनकर ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और नए प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जल संरक्षण से संबंधित कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार तथा विकास को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी बताया।
सम्मेलन में ब्लॉक प्रमुख तेलियानी, हसवा एवं खजुहा, परियोजना निदेशक, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम प्रधान, प्रशासक, ग्राम पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सम्मेलन का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को विकास योजनाओं की जानकारी देकर गांवों में जरूरत के अनुसार प्रभावी और टिकाऊ विकास कार्यों को गति देना रहा।
News Wani
