फतेहपुर। सावन के चौथे सोमवार पर नवयुवक कांवरिया संघ की ओर से देवाधिदेव महादेव भगवान भोले शंकर की झांकी और कांवर यात्रा धूमधाम से रविवार को डीजे की धुन पर भिटौरा घाट के लिए रवाना हुई। रास्ते में यात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते रहे। आज भिटौरा घाट से गंगाजल लाकर तांबेश्वर मंदिर स्थित शिवलिंग पर जलाभिषेक किया जाएगा।
नवयुवक कांवरिया संघ के संस्थापक एवं जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश त्रिपाठी की अगुवाई में देवाधिदेव महादेव भगवान भोले शंकर की झांकी और कांवर यात्रा निकाली गई। शहर के वर्मा चौराहा स्थित उनके आवास से झांकी और यात्रा का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने हिस्सा लिया। भव्य तरीके से सजाई गई भगवान भोलेनाथ की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए भिटौरा घाट के लिए रवाना हुए। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए भिटौरा घाट पहुंचेगी। रास्ते में गीत-संगीत की धुन पर श्रद्धालु नाचते और भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते रहे।
जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि भिटौरा घाट पर भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि आज कांवर यात्रा गंगाजल लेकर तांबेश्वर मंदिर पहुंचेगी, जहां शिवलिंग पर विधि-विधान से जलाभिषेक किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
इस मौके पर अरुण त्रिपाठी, सविता अवस्थी, आयुष अवस्थी, वीरेंद्र मिश्रा, करुणेश, धर्मपाल, पवन, निक्की चौरसिया, राजा माली, संदीप केसरवानी, रवि, महेंद्र केसरवानी, छोटू चौरसिया, शालिनी बाजपेयी, चेतन बाजपेयी, अंकित मिश्रा, राहुल मिश्रा, सरवन कुमार, मिलन, गुन्नू, बबलू तिवारी, पुत्तीलाल हलवाई, शिवम आदि मौजूद रहे।
News Wani
