फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के अंदौली पुलिया के पास रविवार दोपहर दुकान बंद कर घर जा रहे 28 वर्षीय दुकानदार पर तीन लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दुकानदार घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, अंदौली गांव निवासी स्वर्गीय मो. शमीम के पुत्र वसीम की अंदौली चौराहे पर एल्युमिनियम की दुकान है। बताया जाता है कि रविवार दोपहर वह खाना खाने के लिए घर जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही मो. तनवीर और उसके दो अन्य साथियों ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
किसी तरह हमलावरों से बचकर वसीम अपने घर की ओर भागे। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल के परिजनों ने मामले की शिकायत थाने में तहरीर देकर की है।

News Wani