Breaking News

एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

– प्रभारी मंत्री, राज्यमंत्री, डीएम व जनप्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण
– 21 जून तक चलेगा जन-जागरूकता अभियान
– एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ करते प्रभारी मंत्री व साथ में राज्यमंत्री।
फतेहपुर। विश्व पर्यावरण दिवस पर केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के मुंशी प्रेमचंद परिसर में किया गया। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल, राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर लोगों को अधिकाधिक वृक्षारोपण और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया। मुंशी प्रेमचंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के आह्वान पर प्रत्येक नागरिक को एक पेड़ माँ के नाम अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। वृक्ष पृथ्वी का जीवन आधार हैं और इनके संरक्षण से ही भावी पीढ़ियों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित हो सकेगा। राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया है। उन्होंने लोगों से नदियों को स्वच्छ रखने, प्रदूषण रोकने तथा पौधरोपण के साथ उनकी देखभाल करने की अपील की। साथ ही मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत गौशालाओं से गौवंश अपनाने की योजना की जानकारी भी दी। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन के महत्व को पूरी दुनिया ने महसूस किया। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने हमें हरित पर्यावरण की विरासत दी है और अब हमारी जिम्मेदारी है कि आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाकर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि 05 जून से 21 जून तक चलने वाले अभियान के अंतर्गत सभी कार्यक्रम प्लास्टिक मुक्त होंगे तथा जनसहभागिता को विशेष महत्व दिया जाएगा। कार्यक्रम में डायट के प्रशिक्षुओं ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर मॉडल प्रदर्शनी, पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद, लघु नाटिका एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया। अतिथियों ने प्रशिक्षुओं की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, जैव विविधता संरक्षण एवं वृक्षों के संरक्षण-संवर्धन के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, सामाजिक वानिकी विभाग के अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, डायट प्राचार्या, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष, वन विभाग के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Check Also

हादसे के बाद सड़क जाम करना पड़ा भारी, 20 ग्रामीणों पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के बसवा पौली रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *