थाना प्रभारी ने कहा कि यह शराब पश्चिम बंगाल से दुमका के रास्ते तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। कहा कि पुलिस को शुक्रवार की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से एक सफेद और नीले रंग की महिंद्रा पिकअप वैन में अवैध शराब की खेप दुमका की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर गश्ती दल और सशस्त्र बलों को सक्रिय किया गया। गश्ती पदाधिकारी पुलिस अवर निरीक्षक मानकी हाईबुरु के नेतृत्व में श्रीदानीनाथ मंदिर के पास वाहन चेकिंग शुरू की गई। इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोक कर जब तलाशी ली गई तो वाहन में नीले रंग के तिरपाल से ढका कार्टून मिला। ऊपर से खाली कार्टून रखे गए थे ताकि किसी को शक नहीं हो लेकिन तिरपाल हटाने पर कुल 141 पेटियों में विदेशी शराब की बोतलें बरामद की गई। इन बोतलों पर ऑफिसर च्वाइस व्हिस्की जब्त की गई। जिसमें कुल 6,768 पीस प्रत्येक 180 एमएल का पाउचनुमा बरामद शराब के पैकेटों पर फार सेल इन उत्तर प्रदेश ओनली लिखा है। पुलिस के मुताबिक इसे दूसरे राज्य से ले जाकर अवैध रूप से खपाने की तैयारी थी।

ड्राइवर को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से पिकअप चालक जामताड़ा के उदलबानी निवासी 46 वर्षीय लखन महतो को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि यह शराब जामताड़ा निवासी मनोज कुमार मंडल की है। इसे बंगाल के मुराराेई थाना के राजग्राम इलाके से लोड किया गया है। मामले को लेकर जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी और गिरफ्तार पिकअप चालक। पुलिस ने इस मामले में काठीकुंड थाना कांड संख्या 20/2026 दर्ज किया है। अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 275, 3(5) और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में अनुसंधानकर्ता केदारनाथ पूर्ति और काठीकुंड सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे। पुलिस अब इस अवैध कारोबार के पीछे जुड़े सिंडिकेट और नेटवर्क का पता लगाने के लिए छानबीन में जुट गई है।