महोबा। न्यूज़ वाणी।
आगामी त्योहारों को देखते हुए जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। इसी क्रम में पनवाड़ी थाना पुलिस ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 60 वाहन चालकों के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी अनुरुद्ध कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इसमें थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार और वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामकुमार वर्मा भी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने एकता ढाबा के आसपास सहित कस्बे के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर विशेष निगरानी रखी।
चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनसे पूछताछ की। इसके साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 60 चालान किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने, आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और अपने साथ वाहन के जरूरी दस्तावेज अवश्य रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही त्योहारों को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाकर शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
News Wani
