Breaking News

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर महोबा में राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिसकर्मियों ने लगाई दौड़, देश की अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प

महोबा। न्यूज़ वाणी। राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से महोबा पुलिस ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। इस अवसर पर पुलिस लाइन में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों, जवानों, प्रशिक्षु आरक्षियों और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन और जनपद के सभी थानों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में क्षेत्राधिकारी तेजप्रकाश सिंह और क्षेत्राधिकारी अपराध अजयपाल सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सुरक्षा, आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान सरदार पटेल के जीवन और देश की विभिन्न रियासतों के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम के तहत पुलिस लाइन में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ को क्षेत्राधिकारी नगर रविकान्त गोंड ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ पुलिस लाइन से छतरपुर रोड स्थित पुलिस लाइन तिराहे तक आयोजित हुई। इसमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, रिक्रूट आरक्षियों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लेकर एकता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देश को एकता के सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके विचार और आदर्श आज भी राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देश की अखंडता बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।

वहीं, जनपद के सभी थानों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिसकर्मियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने की शपथ ली। इन आयोजनों के माध्यम से महोबा पुलिस ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

About NW-Editor

Check Also

ठंड से पहले महोबा प्रशासन अलर्ट, जरूरतमंदों और गोवंश के लिए पुख्ता इंतजाम करने के दिए निर्देश

महोबा। आगामी शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *