जयपुर: जयपुर का नाम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क की जांच में सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी उमर हारिस उर्फ ‘खरगोश’ के तार जयपुर से जुड़ने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस आतंकी ने कुछ साल पहले जयपुर में शादी कर स्थानीय पहचान हासिल की और उसी आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर देश से फरार हो गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, उमर हारिस 2012 के आसपास पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कर सक्रिय हुआ था। लंबे समय तक सुरक्षा एजेंसियों से बचते हुए उसने घाटी में अपनी जड़ें मजबूत कीं। उसकी फुर्ती और लगातार ठिकाना बदलने की आदत के चलते उसे खरगोश कोडनेम दिया गया था।
श्रीनगर पुलिस की कार्रवाई में खुला राज
पूरा मामला तब सामने आया जब श्रीनगर पुलिस ने लश्कर के एक अंतरराज्यीय मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया। इनमें पाकिस्तानी आतंकी अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा और उस्मान उर्फ खुबैब भी शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि नेटवर्क राजस्थान, हरियाणा और पंजाब तक फैला हुआ था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपियों ने आतंकियों को आधार, पैन और वोटर आईडी जैसे फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद की। इसी नेटवर्क के जरिए उमर हारिस को भी पासपोर्ट हासिल हुआ था।
News Wani
