फतेहपुर। लखनऊ से प्रकाशित राष्ट्रीय हिंदी दैनिक न्यूज़ वाणी ने जनपद फतेहपुर में अपनी समाचार एवं संवाददाता व्यवस्था को और मजबूत करते हुए मोहम्मद आरिफ को लखनऊ से प्रकाशित न्यूज़ वाणी के लिए जिला संवाददाता, फतेहपुर की जिम्मेदारी सौंपी है। पत्रकारों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें विधिवत अथॉरिटी प्रदान कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
न्यूज़ वाणी प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि मोहम्मद आरिफ को दी गई यह जिम्मेदारी लखनऊ से प्रकाशित न्यूज़ वाणी संस्करण के फतेहपुर जनपद के लिए है। वहीं फतेहपुर से प्रकाशित न्यूज़ वाणी के जिला संवाददाता मलय पांडेय पूर्ववत अपनी जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। दोनों संवाददाता अपने-अपने प्रकाशन संस्करण के अंतर्गत जनपद की खबरों एवं जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने का कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब फतेहपुर के अध्यक्ष श्री नागेंद्र सिंह के हाथों मोहम्मद आरिफ को न्यूज़ वाणी का अधिकृत अथॉरिटी लेटर प्रदान किया गया। दैनिक न्यूज़ वाणी के प्रधान संपादक नफीस जाफरी ने उन्हें फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार वसीम अख्तर, हरीश, ज़र्रायब खान, शीबू राइन, राजेश सिंह भदौरिया, उस्मान खान सहित अन्य पत्रकार साथी मौजूद रहे। पत्रकारों ने मोहम्मद आरिफ को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह जनहित से जुड़े मुद्दों, आम लोगों की समस्याओं और फतेहपुर की महत्वपूर्ण गतिविधियों को निष्पक्षता एवं मजबूती के साथ सामने लाएंगे।
प्रधान संपादक नफीस जाफरी ने कहा कि न्यूज़ वाणी का उद्देश्य पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को कायम रखते हुए जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लखनऊ संस्करण के माध्यम से फतेहपुर की खबरों को और व्यापक मंच देने के उद्देश्य से मोहम्मद आरिफ को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आरिफ निष्पक्षता, ईमानदारी और पत्रकारिता की मर्यादा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

नई जिम्मेदारी मिलने पर मोहम्मद आरिफ ने प्रधान संपादक नफीस जाफरी, प्रेस क्लब अध्यक्ष नागेंद्र सिंह एवं उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मेरी कलम हमेशा सच, न्याय और जनहित के लिए चलेगी। समाज के कमजोर और जरूरतमंद व्यक्ति की आवाज को प्रमुखता देना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ उनकी आवाज को न्यूज़ वाणी के मंच से मजबूती से उठाऊंगा। संस्थान ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसे अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता से कायम रखने का हर संभव प्रयास करूंगा।”
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभव और मार्गदर्शन को साथ लेकर पत्रकारिता के माध्यम से समाजहित में कार्य किया जाएगा। खबरों में तथ्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्रकार साथियों ने मोहम्मद आरिफ को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। लखनऊ से प्रकाशित न्यूज़ वाणी के फतेहपुर जिला संवाददाता के रूप में मोहम्मद आरिफ तथा फतेहपुर से प्रकाशित न्यूज़ वाणी के जिला संवाददाता के रूप में मलय पांडेय अपने-अपने दायित्वों के तहत जनपद की खबरों को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य करेंगे।
News Wani
