Breaking News

मानसून ने पकड़ी रफ्तार: 48 घंटे में मुंबई पहुंचने के आसार, यूपी में आंधी का कहर; एमपी और पंजाब में 2 की मौत

देशभर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। पिछले करीब 15 दिनों से छत्तीसगढ़ सीमा के आसपास रुका मानसून सोमवार को आगे बढ़ा और पश्चिमी तट पर मुंबई से लगभग 20 किलोमीटर दूर अलीबाग तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे में मानसून मुंबई में दस्तक दे सकता है। इस बीच मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में आंधी-बारिश का दौर जारी है। कई राज्यों में तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए, जबकि बिजली गिरने और पेड़ गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई।

यूपी में आंधी से पेड़-पोल उखड़े, कार पर गिरा पेड़

उत्तर प्रदेश के बस्ती समेत छह शहरों में सोमवार दोपहर बाद तेज बारिश और आंधी आई। बस्ती में कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। एक पेड़ कार पर गिर गया, जबकि सड़क पर यूनिपोल गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।प्रदेश में मानसून अभी भी यूपी-बिहार सीमा के आसपास अटका हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 39 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश में बिजली गिरने से युवती की मौत

मध्य प्रदेश के 17 जिलों में सोमवार को बारिश दर्ज की गई। छतरपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो लड़कियां झुलस गईं। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी का उपचार जारी है।राज्य में मानसून की देरी का असर साफ दिखाई दे रहा है। 1 जून से अब तक सामान्य 70.9 मिमी के मुकाबले केवल 34.3 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 52 प्रतिशत कम है।

पंजाब में पेड़ गिरने से बच्चे की मौत

पंजाब के अमृतसर में तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक बच्चे की जान चली गई। लुधियाना में भी कई जगह पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। राज्य के 12 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में बारिश के साथ ओलावृष्टि

राजस्थान के बीकानेर, जयपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। श्रीगंगानगर जिले में बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। राज्य में प्री-मानसून के दौरान अब तक सामान्य से 41 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

उत्तर भारत में मानसून की रफ्तार धीमी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसूनी हवाएं अभी कमजोर बनी हुई हैं। इसी वजह से मध्य प्रदेश, विदर्भ और उत्तर प्रदेश में मानसून पहुंचने में करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है। वहीं दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में मानसून की एंट्री जुलाई के शुरुआती दिनों में होने की संभावना है।देश में अब तक सामान्य 106 मिमी बारिश के मुकाबले केवल 60.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो लगभग 43 प्रतिशत कम है।

About NW-Editor

Check Also

उद्धव ठाकरे का BJP पर बड़ा हमला: बोले- ‘भाजपा दूसरों के बच्चे चुराती है’, शिवसेना तोड़ने का लगाया आरोप

मुंबई: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को पार्टी की टूट पर कहा कि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *