Breaking News

पांच रुपये के सामान को लेकर मां ने मासूम के पैर जलाए, कमरे में बंद कर चली गई जन्मदिन पार्टी में

फतेहपुर। पांच रुपये का सामान लेने को लेकर एक मासूम बच्चे को इतनी बड़ी सजा दी गई कि उसकी मां ने गैस जलाकर चाकू गर्म किया और उसके दोनों तलवों को बुरी तरह जला दिया। इसके बाद बच्चे को कमरे में बंद कर वह पड़ोस में बच्चे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने चली गई। पड़ोसी के बच्चे के बताने पर घटना का राज खुला।

जानकारी के अनुसार, राधानगर थाना क्षेत्र के फूलवामऊ गांव निवासी विनय इंदौर में प्राइवेट नौकरी करते हैं। घर पर उनकी पत्नी गुड़िया देवी और 6 वर्षीय पुत्र शुभ रहते हैं। बताया जा रहा है कि गुड़िया ने बच्चे को 20 रुपये देकर एसएनके गुटखा लाने के लिए भेजा था। बच्चे ने 15 रुपये का गुटखा खरीदा और बचे हुए 5 रुपये से अपना सामान ले लिया।

जब वह घर लौटा तो मां को यह बात पता चली। गुस्से में मां ने पहले बच्चे को पीटा और फिर गैस जलाकर चाकू गर्म किया। इसके बाद गर्म चाकू से बच्चे के दोनों तलवों को बुरी तरह जला दिया। घटना के बाद उसने बच्चे को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और पड़ोसी राजकुमार सिंह चौहान के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने चली गई।

कुछ देर बाद राजकुमार का बेटा शुभ को ढूंढते हुए उसके घर पहुंचा तो बच्चे को कमरे में बंद और बुरी तरह रोते हुए देखा। उसने घर जाकर अपने माता-पिता को पूरी जानकारी दी। इसके बाद राजकुमार समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और ताला खुलवाया। कमरे से बाहर निकले बच्चे के दोनों पैर बुरी तरह जले हुए थे।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर बच्चे को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में मत्स्य योजना का लाभ लेने का मौका, 27 सितंबर तक ऑनलाइन करे आवेदन

फतेहपुर। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं में लाभार्थियों को आच्छादित करने के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *