फतेहपुर। विकास भवन सभागार में बुधवार को परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण शेषमणि सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने धान खरीद केंद्रों के स्थानांतरण, नहर की पुलिया निर्माण और कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। इस पर परियोजना निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन करते हुए जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने उद्यान विभाग की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना, मुख्यमंत्री फलोद्यान योजना, आरकेवीवाई और एकीकृत बागवानी मिशन के तहत मिलने वाले अनुदान एवं लाभों की जानकारी किसानों को दी।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी समरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले के सभी केंद्रों पर धान की खरीद की जा रही है। ऑफलाइन टोकन व्यवस्था के तहत पारदर्शिता के साथ धान खरीदा जाएगा। इस दौरान किसानों ने ललौली और देवलान क्षेत्र में कम धान उत्पादन को देखते हुए वहां के खरीद केंद्रों को अधिक उत्पादन वाले क्षेत्रों में स्थानांतरित करने की मांग उठाई।
कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव के कृषि वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार पांडेय ने सर्दी के मौसम में पशुओं की देखभाल के संबंध में जरूरी जानकारी दी। बैठक में भारतीय किसान यूनियन के धाता ब्लॉक अध्यक्ष रविकरण सिंह ने धाता और कबरहा में धान क्रय केंद्र स्थापित कराने की मांग रखी। वहीं खजुहा ब्लॉक अध्यक्ष अंगद सिंह चंदेल ने निचली गंगा नहर की खुर्माबाद और मड़रांव माइनर की पुलियों का निर्माण कराने की मांग की।
किसानों ने अन्य कृषि संबंधी समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। परियोजना निदेशक शेषमणि सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न किया जाए, बल्कि अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता की मौजूदगी में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
News Wani
