जुलूस मार्गों व संवेदनशील क्षेत्रों की होगी विशेष निगरानी
शांति व सौहार्द बिगाड़ने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
– मोहर्रम को लेकर बैठक करते पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक
फतेहपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम के जुलूस मार्गों, ताजिया स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगा। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने तथा स्थानीय धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। गोष्ठी में अधिकारियों को त्योहार के दौरान सोशल मीडिया गतिविधियों पर पैनी नजर रखने, अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही पुलिस बल को अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने की हिदायत दी गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

News Wani