जलालपुर। क्षेत्र के मंगुराडिला स्थित भारत गैस एजेंसी पर बुधवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़े रहे, लेकिन घंटों तक इंतजार के बाद भी सिलिंडर नहीं मिला। चहेतों को सिलिंडर देने का आरोप लगाकर कर लोगों हंगामा करना शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर 112 पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने माैके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद सिलिंडर का वितरण शुरू हो सका। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे सुबह सात बजे से एजेंसी पर पहुंचे थे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं दिया गया।
लोगों ने आरोप लगाया कि जिन लोगों की एजेंसी कर्मचारियों से जान-पहचान है, उन्हें आसानी से सिलिंडर उपलब्ध हो रहा है, जबकि आम उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज आने के बाद भी गैस नहीं मिल रही है। एजेंसी से पूछने पर सिर्फ जल्द मिल जाएगा कहकर टाल दिया जाता है। इससे नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप यादव ने बताया कि स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। एजेंसी मालिक रामसजीवन ने बताया कि गैस सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से की जा रही है।
उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी: दावनपारा निवासी फैजान खान ने बताया कि वह 15 किलोमीटर दूर से तीन दिन से चक्कर लगा रहे हैं। 14 अप्रैल को बुकिंग के बाद भी सिलिंडर नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मचारियों ने अभद्रता की, जिसके बाद 112 पुलिस को बुलाना पड़ा। भस्मा निवासी मनोज कुमार ने बताया कि वह मजदूरी करके परिवार चलाते हैं। 45 दिन बाद 20 अप्रैल को बुकिंग कराने के बावजूद सिलिंडर नहीं मिला। गंजा मोहल्ले की गीता देवी ने बताया कि चार अप्रैल को बुकिंग के बाद होम डिलीवरी का वादा किया गया था, लेकिन कई दिनों से सिलिंडर नहीं पहुंचा।
News Wani
