Breaking News

धनतेरस पर बाजारों में रहेगी पुलिस की पैनी नजर, व्यापारियों की सुरक्षा के लिए बनाई गई विशेष रणनीति

फतेहपुर। धनतेरस के अवसर पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और करोड़ों रुपये के कारोबार को देखते हुए व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। त्योहार की रौनक के बीच अपराधियों की किसी भी हरकत को नाकाम करने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सुरक्षा का विशेष खाका तैयार किया है। इसके तहत बाजारों से लेकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। खास बात यह है कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी केवल दुकानों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दुकान खुलने से लेकर व्यापारी के रात में सुरक्षित घर पहुंचने तक सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस संभालेगी। छह नवंबर को धनतेरस के मद्देनजर सराफा प्रतिष्ठानों, बर्तन की दुकानों और ऑटोमोबाइल एजेंसियों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत रणनीति तैयार की है। उन्होंने बताया कि बनाई गई योजना को अगले 24 घंटे के भीतर पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। बाजारों में छोटी-बड़ी सभी दुकानों पर पुलिस कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई जा रही है। संबंधित पुलिसकर्मियों के नाम व्यापारियों के साथ साझा किए जाएंगे, जिससे व्यापारी सीधे अपने प्रतिष्ठान पर तैनात पुलिसकर्मी से संपर्क कर सकेंगे।

एसपी ने प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से बातचीत कर उन्हें निजी सुरक्षा गार्ड रखने और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रोत्साहित किया है। विशेष रूप से सराफा कारोबार, बर्तन की दुकानों और ऑटोमोबाइल एजेंसियों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। इन प्रतिष्ठानों पर भीड़ और नकदी के लेन-देन को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि दुकान खुलने से लेकर व्यापारी के रात में सुरक्षित घर पहुंचने तक उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी होगी। पुलिसकर्मियों की नियमित ब्रीफिंग कर उन्हें ड्यूटी और जिम्मेदारियों के प्रति सतर्क किया जा रहा है।

इसके अलावा एसपी कार्यालय और सभी क्षेत्राधिकारी कार्यालयों के माध्यम से व्यापारियों की सूची तैयार कर उनसे फोन पर संपर्क किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक व्यापारी को अपनी सुरक्षा व्यवस्था और तैनात पुलिसकर्मी की जानकारी मिल सके। धनतेरस के दिन सामान्य पेट्रोलिंग के साथ थानों की प्रथम और द्वितीय मोबाइल टीमों तथा पीआरवी वाहनों की विशेष ड्यूटी निर्धारित की जा रही है।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि व्यापारियों और उनके प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। आमजन को सुरक्षित माहौल में खरीदारी की सुविधा उपलब्ध कराना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि जिले के सभी लोग भयमुक्त वातावरण में धनतेरस और दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मना सकें।

About NW-Editor

Check Also

पत्नी से विवाद के बाद 35 वर्षीय युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, घर में फंदे से लटका मिला शव

फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के सुधवां गांव में बुधवार सुबह मानसिक तनाव के चलते 35 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *