– जीएस डिजिटल लाइब्रेरी के छात्रों का वायुसेना और थलसेना में चयन
– होनहार युवकों को सम्मानित करते समिति के पदाधिकारी।
फतेहपुर। मलवां कस्बे की प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी मेहनत और लगन का लोहा मनवाया है। जीएस डिजिटल लाइब्रेरी में अध्ययनरत तीन मेधावी छात्रों के भारतीय वायुसेना एवं थलसेना में चयन होने पर रविवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों को माला पहनाकर, स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीरू सिंह ने की। सम्मानित होने वाले छात्रों में गाजीखेड़ा निवासी निखिल सिंह, जिनका चयन भारतीय वायुसेना और थलसेना में हुआ है, जबकि मुंजवाखेड़ा निवासी अजय सिंह तथा इब्राहिमपुर निवासी नितेश सिंह भदौरिया का चयन भारतीय थलसेना में हुआ है। तीनों छात्रों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है। वक्ताओं ने कहा कि इन युवाओं ने साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो छोटे कस्बों से भी बड़ी सफलताएं हासिल की जा सकती हैं। कार्यक्रम में उपस्थित युवा विकास समिति के प्रवक्ता आलोक गौड़ और समाजसेवी दशरथ सिंह ने चयनित छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अध्यक्षता कर रहे बीरू सिंह ने कहा कि यह सफलता केवल तीन छात्रों की नहीं, बल्कि पूरे मलवां कस्बे और जीएस डिजिटल लाइब्रेरी की उपलब्धि है। उन्होंने युवाओं से इन छात्रों से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। समिति के प्रवक्ता आलोक गौड़ ने कहा कि देश के युवाओं में अपार क्षमता है। सेना में चयनित होकर इन छात्रों ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के विद्यार्थी भी बड़े सपने देख सकते हैं और उन्हें साकार कर सकते हैं। लाइब्रेरी संचालक सिद्धार्थ सिंह ने सभी का आभार जताया। समारोह में यथार्थ सिंह, सौरभ, विशाल, अमित पटेल, अंशु सहित बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

News Wani