Breaking News

फतेहपुर में विकास कार्यों पर उठे सवाल, ग्रामीण ने ग्राम प्रधान पर लगाए सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप

खागा, फतेहपुर। धाता विकासखंड के आलमपुर गिरिया मजरे सुखनापुर निवासी ग्रामीण ने ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों में अनियमितता बरतने और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। ग्रामीण प्रमोद कुमार पुत्र फूलचंद्र ने शिकायत पत्र के माध्यम से गांव में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव ने कई कार्यों को कागजों में पूरा दिखाकर सरकारी धन निकाल लिया, जबकि मौके पर कार्य या तो अधूरे हैं अथवा मानक के अनुरूप नहीं कराए गए हैं। आरोप है कि गांव में कचरा सेंटर की पुराई के नाम पर भुगतान में अनियमितता की गई।

शिकायत पत्र में वर्ष 2023-24 में कचरा सेंटर की पुराई के लिए करीब 80 हजार रुपये दो बार निकाले जाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा कचरा सेंटर की बाउंड्रीवाल के नाम पर करीब 1.82 लाख रुपये खर्च किए जाने का उल्लेख है। ग्रामीण का आरोप है कि मौके पर बाउंड्रीवाल पूरी तरह बनी नहीं है और केवल नींव दिखाई दे रही है।

ग्रामीण ने नाली निर्माण कार्यों में भी घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। शिकायत में घर से कलेसर चमार के घर तक वर्ष 2024-25 में बनाई गई नाली में पुरानी ईंट और खराब सामग्री लगाने तथा उसका भुगतान किए जाने की बात कही गई है। इसी तरह एक अन्य नाली निर्माण में भी घटिया सामग्री लगाने और भुगतान के बाद नाली के क्षतिग्रस्त होने का आरोप लगाया गया है।

फूलचंद्र ने स्कूल में मिट्टी पुराई, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य विकास कार्यों में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव में विकास कार्यों के नाम पर जमकर अनियमितता की गई है और कई कार्य केवल अभिलेखों में दर्शाए गए हैं।

ग्रामीण ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की स्थलीय जांच कराने, अभिलेखों और भुगतान की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सरकारी धन की रिकवरी कराने की मांग की है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में दहेज हत्या मामले में अदालत का बड़ा फैसला, दोषी को उम्रकैद की सजा

फतेहपुर। दहेज हत्या के मामले में प्रभावी पुलिस पैरवी और वैज्ञानिक विवेचना के आधार पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *