-मूसलाधार बारिश से चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन; प्रशासन ने राहत एवं बहाली कार्य तेज किए।
चंबा (हिमाचल प्रदेश)। चंबा जिले में सोमवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। सरोल, परेल, तड़ोली और सुल्तानपुर समेत कई इलाकों में अचानक आए मलबे और तेज पानी के बहाव से जनजीवन प्रभावित हो गया। कई घरों और दुकानों में पानी व मलबा घुस गया, जबकि करीब 15 छोटे-बड़े वाहन मलबे में दब गए।
बारिश के कारण परेल पुल पर जलभराव हो गया और पहाड़ी से आए भारी मलबे के चलते चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
ओबडी में टला बड़ा हादसा
ओबडी क्षेत्र में पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा एक रिहायशी मकान पर आ गिरा। घर के अंदर मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान को नुकसान पहुंचा।
सुल्तानपुर और घोलटी में सबसे ज्यादा असर
सरोल और घोलटी क्षेत्र में मलबा आने से करीब 15 वाहन दब गए। वहीं सुल्तानपुर में कॉलेज के पास स्थित कई दुकानों और मकानों में पानी और मलबा भर गया, जिससे लोगों को रातभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य
ग्राम पंचायत सरोल के प्रधान विजय कुमार ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया और प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं मुआवजा देने की मांग की।
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा ने बताया कि बारिश से हुए नुकसान की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों और प्रशासनिक टीमों को मौके पर भेज दिया गया है। अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग को जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
News Wani
