Breaking News

रिक्रूट आरक्षियों ने भरी हुंकार, पुलिस लाइन में गूंजा कदमताल

– आईजी ने ली दीक्षांत परेड की सलामी, सीएम का संदेश सुन आरक्षियों ने ली जनसेवा की शपथ
– रिक्रूट आरक्षी को प्रतीक चिन्ह देते आईजी व एसपी तथा शपथ लेते आरक्षी।
फतेहपुर। रिजर्व पुलिस लाइन शनिवार को उस समय अनुशासन, गर्व और देशसेवा के जज्बे से सराबोर हो उठी, जब ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26 का भव्य आयोजन हुआ। चमचमाती वर्दी, सधे कदमों की गूंज और जोशीले सलामी मार्च के बीच नवप्रशिक्षित आरक्षियों ने अपने कठिन प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन कर मौजूद अधिकारियों, परिजनों और नागरिकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा ने परेड की सलामी ली और जवानों की अनुशासनबद्ध प्रस्तुति की सराहना की।

समारोह में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की मौजूदगी ने आयोजन को और गरिमा प्रदान की। पुलिस अधीक्षक ने नवआरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस की असली ताकत सिर्फ वर्दी नहीं, बल्कि अनुशासन, संवेदनशीलता और जनता के प्रति जवाबदेही है। सुबह ठीक आठ बजे तृतीय परेड कमांडर के नेतृत्व में परेड टोलियां मैदान में पहुंचीं।

इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों से सलामी ली। एक साथ उठते कदम और कमांड की गूंज से पूरा पुलिस लाइन परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सजीव संबोधन भी प्रसारित किया गया। मुख्यमंत्री ने आरक्षियों को संबोधित करते हुए पुलिस बल को आधुनिक तकनीक से लैस, आमजन के प्रति संवेदनशील और अपराध के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने वाला बनने का आह्वान किया। रिक्रूट आरक्षियों ने पूरे ध्यान से मुख्यमंत्री का संदेश सुना। समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। आरक्षियों ने हाथ उठाकर देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा का संकल्प दोहराया। शपथ ग्रहण के बाद टोलियों ने पूरे गर्व और सम्मान के साथ मार्च पास्ट कर प्रस्थान किया।

सिद्धराज बने सर्वांग सर्वाेत्तम, मिला विशेष सम्मान: प्रशिक्षण के दौरान इंडोर और आउटडोर दोनों विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इनमें रिक्रूट आरक्षी सिद्धराज मौर्य ने सर्वाधिक अंक हासिल कर सर्वांग सर्वाेत्तम का खिताब अपने नाम किया। सम्मान मिलते ही मैदान तालियों से गूंज उठा।

अधिकारियों ने भेंट किए स्मृति चिन्ह, परिजनों में दिखा गर्व: समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक ने मुख्य अतिथि आईजी अजय कुमार मिश्रा और जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार जताया। आयोजन के सफल संचालन में क्षेत्राधिकारी प्रगति यादव की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा, दुर्गेश दीप, प्रतिसार निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षियों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

आरक्षियों ने लिया संकल्प, खुशहाल यूपी बनाएंगे: दीक्षांत परेड के समापन पर नवप्रशिक्षित आरक्षियों के चेहरों पर आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। कदमताल के साथ उन्होंने उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, सशक्त और खुशहाल बनाने का दृढ़ संकल्प दोहराया। पूरा समारोह हर्षाेल्लास, गर्व और देशसेवा की भावना के बीच संपन्न हुआ।

About NW-Editor

Check Also

प्राइवेट विद्यालयों के खिलाफ मोर्चा खोलेगा पूर्व सैनिक संगठन

– जल्द ही डीएम-एसपी से मिलकर दिया जाएगा ज्ञापन – बैठक को संबोधित करतीं महिला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *