फतेहपुर। जनपद के 200वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब ऑफ यूपी के जिला कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ स्थापना दिवस मनाया गया। प्रेस क्लब के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार नफीस अहमद जाफरी के नेतृत्व में पत्रकारों ने केक काटकर खुशियां साझा कीं। इस दौरान जनपद के गौरवशाली इतिहास, ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और स्वतंत्रता संग्राम में जिले के योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष मोहम्मद शमशाद ने कहा कि किसी भी जनपद का स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं होता, बल्कि यह अपने इतिहास, पूर्वजों के संघर्ष और उनके बलिदान को याद करने का भी दिन है। फतेहपुर की धरती का इतिहास गौरवशाली रहा है। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आजादी की लड़ाई में यहां के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को जनपद के इतिहास, महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान से परिचित कराना बेहद जरूरी है। पत्रकारों को भी अपनी लेखनी के माध्यम से जनपद की ऐतिहासिक विरासत, उपलब्धियों और गौरवशाली परंपराओं को सामने लाना चाहिए, ताकि युवा अपनी मिट्टी के इतिहास पर गर्व कर सकें।
प्रेस क्लब के संरक्षक नफीस अहमद जाफरी ने भी जनपद के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पत्रकार साथियों से फतेहपुर की पहचान और गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमित शरण बॉबी ने किया। इस मौके पर गुफरान नकवी, इरफान काजमी, मोहम्मद अतीक, मोहम्मद मुबीन, मोहम्मद शाहिद, विक्टर रॉबर्ट, इरशाद उर्फ गुड्डू, शिबली सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
News Wani
