Breaking News

फतेहपुर में स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगी रफ्तार, चुनिंदा घरों तक पहुंचेंगे दो रंग के डस्टबिन

फतेहपुर। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने की पहल शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में अध्यक्ष राजकुमार मौर्य एवं अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने डस्टबिन वितरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र कर नगर पालिका के कचरा वाहनों को देने के लिए जागरूक करना है।

नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने बताया कि स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड में ऐसे परिवारों का चयन किया जाएगा, जो नियमित रूप से घर के कचरे को अलग-अलग करके नगर पालिका के कचरा वाहन को सौंपते हैं। ऐसे परिवारों को दो रंग के डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण घर से ही सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में लगभग 25 से 30 परिवारों को डस्टबिन वितरित किए जाएंगे। लाभार्थियों का चयन सफाई कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा और नगर पालिका के कर्मचारी चयनित परिवारों के घर तक डस्टबिन पहुंचाएंगे। इससे शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण में भी मदद मिलेगी।

अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा नगर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।

इस अवसर पर नगर पालिका के सभासदों के अलावा मोहम्मद हबीब, संजय सिंह सहित पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर आईटीआई में युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका, 10 अगस्त को शिक्षुता मेले का आयोजन

फतेहपुर। युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *