नई दिल्ली। दिल्ली के निहाल विहार इलाके में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय कुमार गुप्ता की उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पत्नी और उसके दो भाइयों समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह विनय के ससुराल पक्ष के छह लोग बातचीत के लिए लक्ष्मी पार्क स्थित उसके घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि विनय और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि बातचीत के जरिए विवाद सुलझ जाएगा।
आरोप है कि बातचीत के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने विनय के साथ मारपीट शुरू कर दी। उस समय उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य कमरे में मौजूद थे। विनय की मां कुछ समय के लिए पानी और नाश्ता लेने गई थीं। इसी दौरान कमरे से शोर सुनाई देने पर उन्होंने बेटे को बचाने की कोशिश की और मदद के लिए आवाज लगाई।
गंभीर रूप से घायल विनय को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विनय के पिता के मुताबिक, उनका बेटा नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। करीब चार साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो जुड़वा बच्चे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद निहाल विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है।
News Wani
