Breaking News

डीजल-पेट्रोल की महंगाई पर बैलगाड़ी से पहुंचे सपाई

– सम्मान समारोह में भाजपा सरकार पर जमकर बरसे सांसद नरेश उत्तम
– बैलगाड़ी से कार्यक्रम स्थल पहुंचते सपाई।
अमौली, फतेहपुर। कस्बा स्थित रामसजीवन चंदा देवी महाविद्यालय में समाजवादी पार्टी के ब्लॉक स्तरीय समाजवादी कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे सपाइयों ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद नरेश उत्तम पटेल ने डॉ. राम मनोहर लोहिया एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन राजेंद्र सिंह वर्मा ने किया, जबकि संचालन गणेश वर्मा ने किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद नरेश उत्तम पटेल ने बेरोजगारी, महंगाई, बिजली बिल और किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में इतनी ताकत है कि आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की चर्चा करते हुए कहा कि देश को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान के अनुसार चलना होगा। सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार किसानों और गरीबों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने काला धन वापस लाने का वादा किया था, लेकिन आज तक जनता को उसका लाभ नहीं मिला। जातीय जनगणना के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर जातीय जनगणना से बच रही है। कार्यक्रम में डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का विरोध अनोखे अंदाज में देखने को मिला। सपाई कार्यकर्ता अंकित वर्मा, राजू यादव तथा पूर्व डीआईजी एवं पूर्व प्रत्याशी रामतीर्थ परमहंस बैलगाड़ी से मऊदेव चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, इसलिए विरोध स्वरूप बैलगाड़ी यात्रा निकाली गई। समारोह में कुश वर्मा, महेंद्र सिंह उर्फ बच्चा सिंह, दलजीत निषाद, नरेश उमराव, सर्वेश प्रधान, दीपमाला पटेल, लवकुश मिश्रा, सुनील उमराव एडवोकेट, डॉ. मान सिंह यादव सहित सैकड़ों की संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

चोरों के गैंग का खुलासा, बंद मकानों में चोरी करने वाले तीन गिरफ्तार

– राधानगर-खागा की चर्चित चोरी की घटनाओं का खुलासा – लाखों के जेवर, नगदी, बाइक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *