Breaking News

तेज प्रताप का बड़ा आरोप: ‘आकाश यादव मुझे और लालू जी को मरवाने की साजिश रच रहा, 4 गुंडे घर में घुसे’

जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने पटना के सचिवालय थाना पहुंचकर अपनी जान को खतरा होने का दावा किया और कई लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि आकाश यादव उनके खिलाफ साजिश रच रहा है और उनकी हत्या करने की कोशिश कर रहा है.

जान से मारने की मिल रही धमकी

मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने बताया कि अपने आवेदन में उन्होंने कई लोगों के नाम दिए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है और उनके बारे में तरह-तरह की बातें फैलाई जा रही हैं.

‘प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद जबरन गुंडे घर में घुसे’

तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद चार गुंडे जबरन उनके घर में घुस आए. उन्होंने आरोप लगाया कि वे लोग उनकी हत्या करने के इरादे से आए थे. तेज प्रताप ने यह भी कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद की तबीयत खराब चल रही है और उन्हें भी निशाना बनाने और मारने की साजिश रची जा रही है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

मुख्यमंत्री से भी मिलने की कही बात

तेज प्रताप यादव ने आकाश यादव की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि उनके पास सुरक्षा नहीं है. दरअसल, बिहार सरकार ने हाल ही में लालू परिवार की सुरक्षा घटाने का फैसला लिया था. साथ ही तेज प्रताप ने यह भी कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वह इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेंगे.

पहले आकाश यादव ने दर्ज कराया था मामला

आकाश यादव ने इससे पहले तेजप्रताप यादव और उनके सहयोगी मोतीलाल यादव के खिलाफ पाटलिपुत्र थाना में मामला दर्ज कराया था. आकाश यादव ने पुलिस को बताया था कि वह खाटूश्याम की यात्रा पर गए हुए थे. इसी दौरान 6 जून को तेज प्रताप यादव अपने सहयोगी मोतीलाल यादव के साथ उनके पाटलिपुत्र स्थित घर पहुंचे और जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया. आकाश यादव ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया था कि उन्हें फोन पर धमकी दी गई. उन्होंने दावा किया कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी. इस आरोप के बाद तेज प्रताप ने एक्स पर पहले सफाई दी. उसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आकाश यादव पर गंभीर आरोप लगाए और थाने में शिकायत भी कराई.

About NW-Editor

Check Also

राहुल गांधी पर मंत्री केदार कश्यप का विवादित बयान: ‘शराब से पैर धोएं कांग्रेसी’, राजनीति में मचा बवाल

रायपुर। कांग्रेस जिलाध्यक्षों के 21 जून को रायपुर में होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में राहुल गांधी शामिल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *