– छह माह पुराने जमीन विवादों पर चला प्रशासन का एक्शन प्लान
– राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम करेगी त्वरित निस्तारण
– खागा थाने में फरियादियों की समस्याएं सुनतीं डीएम व साथ में एसपी।
फतेहपुर। जनपद में कानून व्यवस्था और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर शनिवार को प्रशासनिक सख्ती का बड़ा संदेश देखने को मिला। माह के चतुर्थ शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक ने खागा कोतवाली पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कोतवाली परिसर में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता को न्याय दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर भूमि विवादों का मौके पर जाकर निस्तारण कराने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जमीनी वाद रजिस्टर, शस्त्र रजिस्टर, चरित्र सत्यापन रजिस्टर, पासपोर्ट रजिस्टर, चौकीदार रजिस्टर एवं संदर्भ रजिस्टर का गहन अवलोकन किया। जमीनी वाद रजिस्टर में छह माह से लंबित मामलों को देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और उपजिलाधिकारी खागा डॉ. अभिनीत कुमार को निर्देशित किया कि नायब तहसीलदार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर सभी पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। डीएम ने कहा कि थाना समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता को त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखें तथा हर प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थानों में पहुंचकर जन शिकायतों की सुनवाई की और संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण की कार्रवाई कराई। प्रशासन की इस सक्रियता से फरियादियों में भरोसा और संतोष का माहौल दिखाई दिया।

News Wani