न्यूज़ वाणी ब्यूरो, महोबा। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी प्रभाष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में स्कूल वाहनों की फिटनेस, हाईवे पर सुरक्षा इंतजाम, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार और अवैध पार्किंग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
स्कूल वाहनों की फिटनेस और बीमा अनिवार्य रूप से पूरा कराएं
जिलाधिकारी ने एआरटीओ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों के वाहनों की फिटनेस जांच और बीमा संबंधी औपचारिकताएं अधूरी हैं, उन्हें जल्द पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाईवे और प्रमुख मार्गों पर बढ़ाई जाएगी सुरक्षा
बैठक में एनएचएआई छतरपुर एवं कानपुर के अधिकारियों को अपने अधीन मार्गों पर निर्धारित गति सीमा के संकेतक, चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगवाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से दुर्घटना संभावित स्थानों पर पर्याप्त संकेतक लगाने पर जोर दिया गया, ताकि वाहन चालक पहले से सतर्क हो सकें।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को परमानंद तिराहे से झलकारी बाई तिराहे तक बाईपास मार्ग के डिवाइडर और सड़क किनारे लगे विद्युत पोलों पर रेडियम एवं रिफ्लेक्टर टेप लगवाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मार्ग पर आवश्यक यातायात संकेतक बोर्ड स्थापित कराने को कहा गया।
लौड़ी तिराहे पर बनेंगी रंबल स्ट्रिप
लवकुशनगर मार्ग स्थित लौड़ी तिराहे पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप बनवाई जाएंगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए, जिससे वाहन चालकों को समय रहते सतर्क किया जा सके।
परमानंद तिराहे से स्थानांतरित होगा टैक्सी स्टैंड
बाईपास मार्ग के प्रस्तावित चौड़ीकरण को देखते हुए परमानंद तिराहे पर संचालित टैक्सी स्टैंड को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए उपजिलाधिकारी और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को उपयुक्त भूमि चिह्नित करने को कहा गया है।
इसके अलावा यातायात प्रभारी और एआरटीओ को टैक्सी स्टैंड के आसपास अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति को कम करना और यातायात को सुचारु बनाए रखना है।
सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को हटाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद महोबा के अधिशासी अधिकारी को सड़कों पर बैठे गोवंश और अन्य आवारा पशुओं को हटाने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़क पर पशुओं की मौजूदगी से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इसलिए इस समस्या के समाधान के लिए नियमित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वहीं, एनएच झांसी के अधिकारियों को चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर शेष सुधार कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को सुरक्षित बनाया जा सके।
समयसीमा में पूरे होंगे सड़क सुरक्षा के कार्य
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपायों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न होने दी जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक, महोबा, चरखारी एवं कुलपहाड़ के उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, एनएचएआई के प्रतिनिधि, एआरटीओ, यातायात प्रभारी और रोडवेज डिपो प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा आल्हा परिषद महोबा के अध्यक्ष दाऊ तिवारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष रामजी गुप्ता, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, एनजीओ अध्यक्ष नेहा चंसौरिया और ट्रक यूनियन अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित रहे।
News Wani
